Palamu News : हुसैनाबाद पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दंगवार ओपी क्षेत्र से एक XUV-500 वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर की XUV-500 के जरिए अवैध शराब की खेप बिहार भेजी जा रही है। सूचना के बाद थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में दंगवार ओपी चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
वाहन की तलाशी में मिली 100 बोतल अवैध शराब
जांच के दौरान पुलिस ने XUV-500 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से चार पेटी अवैध देसी टनाका शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 25-25 बोतल यानी कुल 100 बोतल शराब पाई गई।
पुलिस ने मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बरामद शराब और वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। साथ ही शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।