Jamshedpur News: जमशेदपुर में रेल यात्रियों की समस्याओं को लेकर रेल यात्री संघर्ष समिति ने आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है. इसी को लेकर गुरुवार को गरम नाला में समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता नीरज सिंह ने की. इस दौरान 17 मई को साकची गोलचक्कर में होने वाले हस्ताक्षर अभियान सह प्रदर्शन को सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाए जाएंगे रेल यात्रियों के मुद्दे
बैठक के बाद नीरज सिंह और अजय कुमार ने बताया कि रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. इसके लिए सोशल मीडिया का भी व्यापक इस्तेमाल किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस अभियान से जुड़ सकें और अपनी आवाज बुलंद कर सकें.
मांगों की अनदेखी हुई तो रेल महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचेगी समिति
समिति के सदस्यों ने साफ कहा कि अगर रेल प्रशासन हस्ताक्षर अभियान और यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेता है तो संघर्ष समिति आगे और बड़ा कदम उठाएगी. जरूरत पड़ने पर समिति के सदस्य रेल महाप्रबंधक के कार्यालय पहुंचकर समाधान की मांग करेंगे.
कई सदस्य बैठक में रहे मौजूद
बैठक में सुनील सिंह, मनोज सिंह, रत्नेश सिंह, संजीव कुमार, सौरभ कुमार, विवेक पाण्डेय, शत्रुघ्न गिरी, राघवेंद्र प्रताप सिंह और संतोष साह समेत कई सदस्य मौजूद रहे.