Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम के समाहरणालय परिसर से उपायुक्त राजीव रंजन ने भवन गणना एवं जनगणना-2027 के साथ-साथ वज्रपात और लू से बचाव को लेकर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रथ के जरिए जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को जरूरी सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जाएगी।
लू और वज्रपात से बचाव को लेकर लोगों को किया जाएगा जागरूक
उपायुक्त ने कहा कि गर्मी के मौसम में लू तथा बारिश के दौरान वज्रपात की घटनाओं से बचाव बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दोपहर में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पिएं और हल्के सूती कपड़ों का उपयोग करें। साथ ही मौसम खराब होने, तेज गर्जन या बिजली चमकने की स्थिति में खुले मैदान, पेड़ और जलाशयों से दूर रहने की सलाह दी गई।
जनगणना-2027 को लेकर भी चलेगा विशेष अभियान
जागरूकता रथ के माध्यम से भवन गणना एवं मकान सूचीकरण कार्य को लेकर भी आमजनों को जागरूक किया जाएगा। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे गणनाकर्मियों को सही और आवश्यक जानकारी देकर जनगणना कार्य में सहयोग करें, ताकि यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो सके।
ऑडियो संदेश और नुक्कड़ नाटक से पहुंचेगी जानकारी
जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में जागरूकता रथ के जरिए ऑडियो संदेश, नुक्कड़ नाटक और प्रचार सामग्री के माध्यम से लोगों को वज्रपात, लू से बचाव एवं भवन गणना संबंधी जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव भी उपस्थित रहे।