Jharkhand News: केंद्र सरकार ने झारखंड में मेडिकल शिक्षा के विस्तार को लेकर बड़ा फैसला लिया है. राज्य के दो प्रमुख मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और पोस्ट ग्रेजुएट सीटों की संख्या बढ़ाने को मंजूरी दे दी गई है.
यह स्वीकृति एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर और शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल धनबाद के लिए दी गई है. फैसले के तहत धनबाद मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 250 कर दी गई है. यानी यहां 150 नई सीटें बढ़ाई गई हैं. वहीं जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में भी एमबीबीएस सीटों में वृद्धि को मंजूरी मिली है.
इस योजना के लिए केंद्र सरकार ने कुल 225 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है, जिसमें 135 करोड़ रुपये केंद्र सरकार की ओर से दिए जाएंगे.
इसके साथ ही दोनों मेडिकल कॉलेजों के विभिन्न विभागों में पोस्ट ग्रेजुएट सीटों की संख्या बढ़ाने की भी अनुमति दी गई है.
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सीटों में वृद्धि से राज्य में मेडिकल शिक्षा को मजबूती मिलेगी और भविष्य में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी. इससे स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार होने की उम्मीद है.
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि राज्य के अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी सीट बढ़ाने की प्रक्रिया जारी है. साथ ही आने वाले समय में सुपर स्पेशियलिटी सीटों में भी विस्तार की योजना पर काम किया जा रहा है.