Rumors Of Surcharge On Foreign Travel: सोशल मीडिया पर विदेश यात्रा पर टैक्स , सेस या सरचार्ज लगाए जाने की चर्चाओं के बीच PM Narendra Modi ने इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि विदेश यात्रा पर किसी भी तरह की पाबंदी लगाने या अतिरिक्त टै्स लगाने का सरकार का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि वायरल हो रही खबरों में “जरा भी सच्चाई नहीं” है।
“इज ऑफ लिविंग” और “इज ऑफ डूइंग बिजनेस” पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार हमेशा आम लोगों के जीवन को आसान बनाने और व्यापारिक सुविधाओं को बेहतर करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने दोहराया कि विदेश यात्रा को लेकर किसी तरह की रोक लगाने का सवाल ही नहीं उठता। पीएम ने कहा कि केंद्र सरकार नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं और सहज जीवन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अफवाहों में टैक्स और सरचार्ज की चर्चा
दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि सरकार विदेशी यात्राओं पर अस्थायी टैक्स या सरचार्ज लगाने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और आयात लागत बढ़ने जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए यह कदम उठाया जा सकता है। हालांकि अब प्रधानमंत्री मोदी ने इन सभी दावों को खारिज कर दिया है।
जिम्मेदार जीवनशैली को बताया सच्ची देशभक्ति
हाल ही में तेलंगाना के एक कार्यक्रम में पीएम मोदी ने लोगों से विदेश यात्राएं कम करने, सोना खरीदने से बचने, इलेक्ट्रिक वाहनों और सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में देशभक्ति का मतलब केवल सीमा पर बलिदान देना नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में जिम्मेदारी निभाना और देशहित में फैसले लेना भी है।