Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-16

Jamshedpur News: दलमा की तलहटी में बसे तीन इलाकों को मिलेगा नया रूप, पार्क से लेकर तालाब तक बनेंगे आकर्षण का केंद्र

Jamshedpur News: जमशेदपुर के मानगो से सटे दलमा पहाड़ की तलहटी में बसे तीन इलाकों को आने वाले समय में नया और आकर्षक स्वरूप मिलने जा रहा है. वन विभाग यहां पार्क, तालाब, पाथ वे और बच्चों के लिए चिल्ड्रेन पार्क जैसी कई सुविधाएं विकसित करने की तैयारी में है. इस परियोजना का उद्देश्य इलाके को पर्यावरण के अनुकूल तरीके से विकसित करना और लोगों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल तैयार करना है. शनिवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने डीएफओ सबा आलम अंसारी के साथ इन क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया और विकास योजनाओं पर चर्चा की.
चंद्रावती नगर से पारडीह तक कई स्थानों को किया जाएगा विकसित
विधायक सरयू राय ने बताया कि चंद्रावती नगर और गोपाल नगर के पीछे, कुमरूम बस्ती के पास और पारडीह के सामने वन विभाग द्वारा सुंदर और उपयोगी संरचनाएं विकसित की जाएंगी. इन स्थानों पर पार्क, तालाब, पैदल चलने के लिए पाथ वे और बच्चों के खेलकूद के लिए विशेष चिल्ड्रेन पार्क बनाए जाने पर सहमति बनी है. उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूरी होने के बाद ये इलाके आम लोगों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बन जाएंगे. यहां पर्यटन, पिकनिक और सुबह शाम घूमने आने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ सकती है. युवाओं के साथ साथ सीनियर सिटीजन के लिए भी ये स्थान काफी उपयोगी साबित होंगे.

इको फ्रेंडली तरीके से होगा विकास
सरयू राय ने बताया कि चंद्रावती नगर से लेकर कुमरूम बस्ती तक कई ऐसे प्राकृतिक और सुरम्य स्थान हैं जहां पहले से कुछ संरचनाएं मौजूद हैं. वन विभाग अब इन स्थानों को इको फ्रेंडली तरीके से विकसित करेगा ताकि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं तैयार की जा सकें. उन्होंने कहा कि इन इलाकों को इस तरह विकसित किया जाएगा ताकि लोग सुबह और शाम सैर कर सकें, परिवार और दोस्तों के साथ समय बिता सकें और प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकें. इससे इलाके की खूबसूरती भी बढ़ेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सार्वजनिक स्थल मिल सकेंगे.

पारडीह में पुराने तालाब को फिर से जीवित करने की तैयारी
संयुक्त दौरे के दौरान पारडीह स्थित इंदिरा कॉलोनी के सामने मौजूद एक पुरानी जल संरचना पर भी चर्चा हुई. विधायक सरयू राय ने बताया कि यह काफी पुरानी संरचना है जो फिलहाल जर्जर हालत में है. पहले यहां एक बड़ा तालाब हुआ करता था, लेकिन समय के साथ वह गाद और मिट्टी से भर गया. उन्होंने बताया कि पहाड़ से लगातार बहने वाला पानी आज भी उस स्थान पर आता है और आसपास के लोग उसी पानी का इस्तेमाल पीने और खाना बनाने के लिए करते हैं. अब योजना है कि वहां जमा मिट्टी को हटाकर दोबारा तालाब का स्वरूप तैयार किया जाए ताकि जल संरक्षण के साथ साथ इलाके की सुंदरता भी बढ़ सके.

वन महोत्सव के दौरान पौधारोपण अभियान चलाने की तैयारी
विधायक सरयू राय ने कहा कि वन महोत्सव की शुरुआत होने पर आम लोगों से अपील की जाएगी कि वे दलमा पहाड़ के आसपास उपयोगी पौधे लगाएं. इसका उद्देश्य पूरे इलाके को लंबे समय तक हराभरा और आकर्षक बनाए रखना है. उन्होंने यह भी कहा कि जो युवा ट्रैकिंग और एडवेंचर गतिविधियों में रुचि रखते हैं, उनके लिए भी यहां विशेष स्थान चिन्हित करने की संभावना तलाश की जाएगी. इससे आने वाले समय में यह इलाका पर्यटन और प्राकृतिक गतिविधियों के लिए एक खास पहचान बना सकता है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !