Giridih: झारखंड सरकार ने गिरिडीह जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। गंभीर मरीजों के बेहतर इलाज के लिए जिले में 100 बेड वाले अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने 13 करोड़ 6 लाख रुपये की राशि जारी कर दी है। यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 की राज्य योजना मद से स्वीकृत की गई है।
आयुष्मान भारत मिशन के तहत तैयार होगी परियोजना
यह अस्पताल प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन और राज्य सरकार के संयुक्त सहयोग से बनाया जाएगा। परियोजना पर कुल लगभग 64 करोड़ 71 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) और राज्य सरकार दोनों की भागीदारी होगी। सरकार का उद्देश्य जिले में गंभीर बीमारियों के इलाज की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।
भवन निर्माण निगम को सौंपी गई जिम्मेदारी
अस्पताल निर्माण का जिम्मा झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड को दिया गया है। सरकार ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। पूरे निर्माण कार्य की निगरानी थर्ड पार्टी एजेंसी द्वारा की जाएगी और उसकी रिपोर्ट के आधार पर ही भुगतान की प्रक्रिया पूरी होगी।
हर महीने देनी होगी प्रगति रिपोर्ट
स्वास्थ्य विभाग ने निर्माण एजेंसी को हर महीने कार्य प्रगति रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है। विभाग चाहता है कि परियोजना तय समय सीमा के भीतर पूरी हो और निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस संबंध में आदेश स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की ओर से जारी किया गया है।
गंभीर मरीजों को मिलेगा बड़ा लाभ
अस्पताल बनने के बाद गिरिडीह और आसपास के इलाकों के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए रांची या अन्य बड़े शहरों का रुख कम करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा और स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।