Ranchi: राजधानी रांची में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बेखौफ अपराधियों ने इस बार गोंदा थाना क्षेत्र के मिसिर गोंदा इलाके को अपना निशाना बनाया है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक साथ तीन दुकानों में सेंधमारी कर पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल कर रख दी।
रात के अंधेरे में एस्बेस्टस तोड़कर घुसे चोर
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने बेहद शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम दिया।
उन्होंने दुकानों के शटर को हाथ लगाने के बजाय ऊपर लगे एस्बेस्टस (अल्वेस्टर) को
तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने दुकानों के गल्ले में रखे नकद रुपयों समेत कई
कीमती और जरूरी सामानों पर हाथ साफ कर दिया और रात के अंधेरे में ही रफूचक्कर हो
गए।
सुबह दुकान खोलते ही उड़े होश, इलाके में हड़कंप
रोजाना की तरह जब रविवार सुबह दुकानदार
अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो अंदर का
नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। छत टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था।
एक ही रात में तीन दुकानों में चोरी की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते मौके
पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जांच में जुटी पुलिस और FSL की टीम
घटना की सूचना मिलते ही गोंदा थाना पुलिस तुरंत
मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए
फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। FSL की टीम ने मौके से अपराधियों के फिंगरप्रिंट्स और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य
जुटाए हैं।
असुरक्षा की भावना से घिरे दुकानदारों में बढ़ा
भारी आक्रोश
इस घटना के बाद से स्थानीय दुकानदारों में पुलिस
प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश है, क्योंकि एक ही
रात में तीन दुकानों में चोरी होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अपनी मेहनत की कमाई गंवाने वाले पीड़ितों का कहना है कि अगर समय रहते कदम नहीं
उठाए गए तो व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा। दुकानदारों ने एकजुट होकर पुलिस से
मांग की है कि इस पूरे मामले का जल्द से जल्द खुलासा कर अपराधियों को जेल भेजा जाए
और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए इलाके में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग
(गश्त) को तुरंत बढ़ाया जाए।