Trump Iran Warning Military Action: वाशिंगटन और तेहरान के बीच बढ़ता तनाव अब बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने सोमवार को सोशल मीडिया पर पश्चिम एशिया का एक नक्शा साझा किया, जिसमें अमेरिकी झंडे के साथ कई दिशाओं से ईरान की ओर लाल तीर दिखाए गए। विशेषज्ञ इसे सीधे सैन्य संकेत के तौर पर देख रहे हैं। यह पोस्ट ऐसे समय आई है जब ट्रंप पहले ही ईरान को चेतावनी दे चुके हैं कि शांति प्रस्ताव स्वीकार करने के लिए उसके पास बहुत कम समय बचा है।
“समय बहुत कम है”, ट्रंप की धमकी से बढ़ी जंग की आशंका
रविवार को ट्रंप ने अपने प्लेटफॉर्म “ट्रुथ सोशल” पर ईरान के नेतृत्व को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि “ईरान के लिए घड़ी टिक-टिक कर रही है, तेजी से कदम उठाइए, वरना कुछ भी नहीं बचेगा।” इस बयान ने अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ संभावित बड़े सैन्य अभियान की अटकलों को और तेज कर दिया है। ट्रंप की यह बयानबाजी इजरायली प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu के साथ हुई उच्च स्तरीय बातचीत के बाद सामने आई है, जिसमें ईरान के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई।
युद्धविराम के बावजूद हालात बेहद नाजुक
इस साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के भीतर किए गए सैन्य हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता गया। हालांकि 8 अप्रैल से दोनों पक्षों के बीच एक नाजुक युद्धविराम लागू है, लेकिन हालिया बयानबाजी और सोशल मीडिया पोस्ट यह संकेत दे रहे हैं कि यह शांति कभी भी टूट सकती है। पश्चिम एशिया में बढ़ती सैन्य गतिविधियों ने दुनिया भर की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
नाकाम होती बातचीत, ईरान ने अमेरिकी शर्तों को ठुकराया
शांति बहाली के लिए जारी कूटनीतिक कोशिशें भी अब कमजोर पड़ती दिख रही हैं। ईरानी मीडिया और “फार्स” न्यूज एजेंसी के मुताबिक, अमेरिका के साथ हुई वार्ताओं में ईरान को कोई ठोस रियायत नहीं मिली। रिपोर्ट के अनुसार, वाशिंगटन ने पांच-सूत्रीय प्रस्ताव रखा था, जिसमें ईरान को सिर्फ एक परमाणु केंद्र संचालित करने और अपने उच्च संवर्धित यूरेनियम का पूरा भंडार अमेरिका को सौंपने जैसी कड़ी शर्तें शामिल थीं।