Railway News: जनजाति दिवस के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों के लिए तीन स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है. ये ट्रेनें टाटानगर-आनंद विहार, रांची-दिल्ली और हावड़ा-नई दिल्ली रूट पर चलाई जाएंगी. रेलवे का कहना है कि इससे यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने में सुविधा होगी और त्योहार के दौरान यात्रा दबाव कम होगा.
23 मई को चलेगी टाटानगर-आनंद विहार स्पेशल
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 08183 टाटानगर-आनंद विहार स्पेशल 23 मई की रात 12:30 बजे टाटानगर स्टेशन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 3:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 08184 आनंद विहार-टाटानगर स्पेशल 25 मई की रात 1:45 बजे आनंद विहार से खुलेगी और देर रात 12:15 बजे टाटानगर पहुंचेगी. इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव मुरी और बोकारो स्टील सिटी स्टेशन पर भी होगा.
रांची से दिल्ली के बीच भी चलेगी विशेष ट्रेन
ट्रेन संख्या 08639 रांची-दिल्ली स्पेशल 23 मई की सुबह 3:30 बजे रांची से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 3:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी. वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 08640 दिल्ली-रांची स्पेशल 25 मई की रात 1:25 बजे दिल्ली से खुलेगी और उसी रात 11:15 बजे रांची पहुंचेगी. इस ट्रेन का ठहराव लोहरदगा स्टेशन पर निर्धारित किया गया है.
हावड़ा-नई दिल्ली रूट पर भी स्पेशल सेवा
दक्षिण पूर्व रेलवे ने हावड़ा और नई दिल्ली के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. ट्रेन संख्या 08057 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल 22 मई की शाम 5:15 बजे हावड़ा से रवाना होगी और तीसरे दिन रात 12:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 08058 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल 25 मई की सुबह 2:15 बजे नई दिल्ली से खुलेगी और अगले दिन सुबह 4:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी.
इस ट्रेन का ठहराव खड़गपुर, बांकुड़ा, आद्रा, भोजुडीह और महुदा स्टेशनों पर होगा. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक स्पेशल ट्रेनों के संचालन से त्योहार के दौरान यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.