Garhwa News : झारखंड के गढ़वा जिला में गैलन में पेट्रोल-डीजल देने के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मेराल थाना क्षेत्र के लातदाग एनएच-39 स्थित शिवनंदन फ्यूल पेट्रोल पंप को प्रशासन ने सील कर दिया है। साथ ही पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।बताया गया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पेट्रोल पंप कर्मियों पर आरोप लगाया गया था कि गैलन में डीजल देने के बदले निर्धारित राशि से करीब 200 रुपये अधिक की मांग की जा रही थी। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू की।
एसडीएम संजय कुमार ने की जांच, अतिरिक्त पैसे लेने की पुष्टि
सदर एसडीओ संजय कुमार ने खुद मामले की जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने पेट्रोल पंप को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
प्रशासनिक जांच में यह पुष्टि हुई कि पेट्रोल पंप कर्मचारी द्वारा गैलन में डीजल देने के नाम पर अतिरिक्त 200 रुपये वसूले जा रहे थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई की।
कार्रवाई के बाद अन्य पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप
प्रशासन ने साफ कहा है कि उपभोक्ताओं से अवैध वसूली और नियमों के उल्लंघन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद इलाके के अन्य पेट्रोल पंप संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। प्रशासन अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।