Khunti Crime News: खूंटी जिले के सायको थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सायको बाजार के पास एक किशोर और किशोरी का शव बरामद हुआ. दोनों की हत्या धारदार हथियार से किए जाने की आशंका जताई जा रही है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
जानकारी के अनुसार रविवार रात सायको बाजार में मेला लगा था, जहां पारंपरिक छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. मृतक किशोर और किशोरी भी कार्यक्रम देखने पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल के पास मौजूद हड़िया दुकान के आसपास दोनों को आखिरी बार देखा गया था.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने उसी इलाके में दोनों पर धारदार हथियार से हमला किया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. रात के अंधेरे में किसी को घटना की भनक नहीं लगी. सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया. पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं.
डीएसपी वरुण रजक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग, आपसी विवाद या पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.