Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने मानगो में निर्माणाधीन ओवरब्रिज परियोजना का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी पहलुओं और तय समयसीमा के अनुसार काम की स्थिति की समीक्षा की.
उपायुक्त ने निर्माण एजेंसी और अभियंताओं से अब तक हुए कार्य, इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली. उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि मानगो ओवरब्रिज शहर की यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है. इसके पूरा होने से ट्रैफिक दबाव में काफी कमी आएगी.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए.
उन्होंने निर्माण स्थल पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी भी दी. साथ ही गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही निर्माण कार्य कराने पर जोर दिया.
मौके पर धालभूम एसडीएम अर्नव मिश्रा, कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय, डीटीओ धनंजय कुमार और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे.