Jharkhand News: झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए गूगल LLC के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) करने का निर्णय लिया है.
सरकार का मानना है कि AI और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से मरीजों को अधिक बेहतर और तेज स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी. खासतौर पर ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने में यह पहल उपयोगी साबित होगी.
समझौते के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए AI आधारित डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा. साथ ही क्लाउड टेक्नोलॉजी के जरिए डेटा प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा. तकनीकी दक्षता बढ़ाने और विशेषज्ञ तैयार करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा.
सरकार रिसर्च और इनोवेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शोधकर्ताओं और स्वास्थ्य संस्थानों को AI आधारित संसाधन और तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराएगी. इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों और पारंपरिक क्षेत्रों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, ताकि नई तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा मिल सके.
राज्य मंत्रिपरिषद से इस प्रस्ताव और MoU के प्रारूप को मंजूरी मिल चुकी है. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बदलते दौर में स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ना जरूरी हो गया है.
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की ओर से इस संबंध में आधिकारिक संकल्प जारी कर दिया गया है. साथ ही संबंधित विभागों और गूगल क्लाउड इंडिया के अधिकारियों को इसकी प्रतिलिपि भेजी गई है, ताकि समझौते की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाई जा सके.