Ranchi Crime News: रातु थाना क्षेत्र में देर रात घर में घुसकर महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और लूटपाट की घटना सामने आई है. पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
आनंद नगर झीरी कमड़े निवासी निशा देवी ने पुलिस को बताया कि देर रात कुछ युवक पास के एक निर्माणाधीन मकान में बैठकर नशा कर रहे थे. इसी दौरान उनके पति ने टॉर्च की रोशनी से वहां देखा, जिसके बाद युवक नाराज हो गए.
शिकायत के अनुसार कुछ समय बाद मंजर, राजा, ऋषि समेत 5 से 10 युवक उनके घर पहुंच गए. आरोप है कि सभी ने घर में घुसकर उनके पति और एक अन्य व्यक्ति के साथ मारपीट की. इस दौरान कुछ आरोपी महिला को जबरन कमरे में ले गए और उसके साथ अभद्रता की.
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ भी मारपीट की गई. आरोपियों ने नाक की नथ, कान की बाली और गले के सोने के आभूषण छीन लिए. साथ ही घर में रखे करीब 40 हजार रुपये लेकर फरार हो गए.
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि बदमाशों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया और डीवीआर भी अपने साथ ले गए. पीड़िता के अनुसार आरोपियों के पास पिस्तौल और चाकू जैसे हथियार थे तथा वे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे थे.
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.