Jharkhand News: झारखंड में आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवा प्रणाली (ERSS) को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस मुख्यालय ने पहल तेज कर दी है. केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देश पर राज्य के सभी जिलों से डायल-112 सेवा में इस्तेमाल हो रहे वाहनों की अद्यतन जानकारी मांगी गई है.
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी निर्देश में खासतौर पर वित्तीय वर्ष 2015-16 के दौरान उपलब्ध कराए गए हाईवे पेट्रोलिंग और पीसीआर वाहनों की स्थिति का ब्योरा मांगा गया है. इसमें टाटा सफारी स्ट्रोम वाहनों की वर्तमान स्थिति पर भी रिपोर्ट देने को कहा गया है.
राज्यभर में फिलहाल 157 हाईवे पेट्रोल वाहन और 163 पीसीआर वाहन तैनात हैं. इस तरह कुल 320 आपातकालीन वाहन अलग-अलग जिलों में सेवाएं दे रहे हैं.
आंकड़ों के अनुसार रांची जिले में सबसे ज्यादा 15 हाईवे पेट्रोल और 30 पीसीआर वाहन संचालित हो रहे हैं. वहीं जमशेदपुर और धनबाद में 20-20 पीसीआर वाहन तैनात हैं. कई जिलों में वाहनों की कमी को देखते हुए अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत महसूस की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक जिलों से रिपोर्ट मिलने के बाद केंद्र सरकार को नए वाहनों की खरीद और आवंटन के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा. नए वाहन शामिल होने से सड़क हादसों, महिला सुरक्षा और अन्य आपातकालीन घटनाओं में पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है. साथ ही राज्य में कानून व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी.