Jharkhand News : झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति इन दिनों सात दिवसीय महाराष्ट्र अध्ययन दौरे पर है. इस दौरे का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, बाल कल्याण और सामाजिक विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और कार्यप्रणालियों को करीब से समझना है. समिति की अगुवाई गांडेय विधायक कल्पना सोरेन कर रही हैं. शिष्टमंडल में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और विधायक शशिभूषण मेहता भी शामिल हैं.
महाराष्ट्र विधानसभा में महिला और बाल विकास के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
अध्ययन दौरे के दौरान समिति के सदस्यों ने महाराष्ट्र लेगीस्लाटिव असेंबली का भ्रमण किया. इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष राहुल नरवेकर से मुलाकात कर महिला एवं बाल विकास से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा की गई. राहुल नार्वेकर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महाराष्ट्र महिला एवं बाल विकास समिति के सदस्य भी मौजूद रहे. बैठक में महिला सशक्तिकरण, बच्चों के सर्वांगीण विकास, बाल कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बजट प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विस्तार से विचार विमर्श हुआ. दोनों राज्यों के अनुभवों और योजनाओं के आदान प्रदान से समिति के सदस्यों को नई कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिला.
लिज्जत पापड़ मॉडल से प्रभावित हुई समिति, जमशेदपुर में शाखा खोलने का दिया न्योता
महाराष्ट्र प्रवास के दौरान शिष्टमंडल ने मुंबई के बांद्रा स्थित श्री महिला गृहया उद्योग लिज्जत पापड़ निर्माण केंद्र का भी दौरा किया. यहां महिलाओं द्वारा संचालित आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार के मॉडल का अध्ययन किया गया. विधायक पूर्णिमा साहू ने संस्था के संचालकों को जमशेदपुर में भी लिज्जत पापड़ की शाखा शुरू करने का आमंत्रण दिया. उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकते हैं.
लोकभवन और छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर किया नमन
समिति के सदस्यों ने मुंबई स्थित लोकभवन का भी भ्रमण किया. इस दौरान वहां स्थापित देवी देवताओं की प्रतिमाओं और छत्रपति शिवाजी महाराज की आदमकद प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए.
कामकाजी महिलाओं के हॉस्टल और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
दौरे के दौरान समिति ने कामकाजी महिलाओं के लिए संचालित महिला हॉस्टल का भी निरीक्षण किया. यहां बाहर से आकर काम करने वाली महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, आवासीय प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई. विधायक पूर्णिमा साहू ने महिलाओं की सुरक्षा और बच्चों में कुपोषण के क्षेत्र में काम कर रही स्नेहा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की. इस दौरान संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई.
135 साल पुराने मुंबई डब्बावाला सिस्टम की कार्यशैली को भी समझा
शिष्टमंडल ने महाराष्ट्र के प्रसिद्ध डब्बावाला टिफिन डिलीवरी सिस्टम की कार्यप्रणाली का भी अध्ययन किया. करीब 135 वर्षों से संचालित यह व्यवस्था अपने अनुशासन और समय प्रबंधन के लिए देश दुनिया में पहचान रखती है.
सिद्धिविनायक और महालक्ष्मी मंदिर में की पूजा अर्चना
दौरे की शुरुआत मुंबई स्थित श्री सिद्धिविनायक टेम्पल में गणपति बप्पा के दर्शन और पूजा अर्चना के साथ हुई. वहीं प्रवास के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने सपरिवार महालक्मी टेम्पल में दर्शन पूजन कर आशीर्वाद लिया.
महिला और बाल विकास के लिए नई पहल की तैयारी
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि महाराष्ट्र अध्ययन दौरा अब तक बेहद प्रेरणादायी और उपयोगी साबित हुआ है. इस दौरान महिला एवं बाल विकास से जुड़े कई विषयों को गहराई से समझने और नई कार्यप्रणालियों को जानने का अवसर मिला. उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में महिला और बच्चों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर टाटा प्रबंधन के साथ भी बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि क्षेत्र में बेहतर योजनाएं और नई पहल सुनिश्चित की जा सके.