Ranchi: राजधानी के कोकर इलाके से लापता हुई 18 माह की मासूम अदिति पांडे का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। बच्ची के गायब होने के 12 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी नाराजगी बढ़ती जा रही है। 9 मई से लापता अदिति की तलाश लगातार जारी है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
मासूम बच्ची के अचानक गायब हो जाने के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का कहना है कि हर दिन उम्मीद के साथ बीत रहा है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक जानकारी सामने नहीं आई। बच्ची की मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नाले से लेकर आसपास के इलाकों तक हुई तलाश
घटना के बाद प्रशासन की ओर से कई स्तर पर खोजबीन की गई। एनडीआरएफ की टीम ने घर के पीछे मौजूद नाले में सर्च अभियान चलाया। वहीं नगर निगम की टीम ने आसपास के कई क्षेत्रों में जांच और सफाई अभियान के दौरान तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने सदर थाना का किया घेराव
मामले को लेकर लगातार विरोध बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भाजपा नेता संजीव विजयवर्गीय और रमेश सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सदर थाना पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और जांच में तेजी लाने की मांग की।
उच्चस्तरीय जांच की उठी मांग
प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि अदिति को जल्द से जल्द बरामद किया जाए और मामले की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। उनका कहना था कि 12 दिन बीत जाने के बावजूद बच्ची का पता नहीं चलना चिंता का विषय है।
पुलिस पर बढ़ रहा दबाव
मामले में लगातार बढ़ते जनदबाव के बीच पुलिस भी बच्ची की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। स्थानीय लोग भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।