RANCHI: रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा को पद से हटाने की मांग को लेकर आदिवासी छात्र संघ का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिला और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज होने का दावा करते हुए संबंधित दस्तावेज और प्रमाण भी राज्यपाल को सौंपे।
दिल्ली में दर्ज मुकदमे का किया जिक्र
छात्र संघ के सदस्यों ने बताया कि दिल्ली के बागी थाना में केस संख्या 863/2024 के तहत कुलपति प्रो. सरोज शर्मा के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज है। उनका कहना है कि झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य के प्रमुख शैक्षणिक संस्थान में आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे व्यक्ति का कुलपति पद पर बने रहना उचित नहीं है। इसलिए उन्हें तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए।
छात्रों की समस्याएं नहीं सुनने का आरोप
प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कुलपति सप्ताह में केवल एक घंटे ही छात्रों की समस्याएं सुनती हैं, जिससे विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ रही है।
निष्पक्ष जांच कराने की मांग
आदिवासी छात्र संघ ने राज्यपाल से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया गया कि मामले की जांच के लिए जल्द ही एक टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय झारखंडी को कुलपति बनाने की उठी मांग
छात्र संघ ने यह मांग भी रखी कि रांची विश्वविद्यालय में किसी स्थानीय झारखंडी व्यक्ति को कुलपति बनाया जाए, ताकि राज्य की सामाजिक और शैक्षणिक परिस्थितियों को बेहतर तरीके से समझा जा सके। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो मामला मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति तक ले जाया जाएगा।