Jamshedpur News: जमशेदपुर के साकची स्थित मुंसा सिंह बागान इलाके में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है. गुरुवार को बस्ती के लोग शिकायत लेकर थाना पहुंचे और पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि 17 दिसंबर 2025 को राकेश मंडल और उनकी पत्नी परविंदर कौर उर्फ छोटी इलाके में कथित रूप से जमीन घेरने पहुंचे थे. बस्तीवासियों के अनुसार वहां करीब छह फीट ऊंची दीवार बनाई जा रही थी, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस और विवाद शुरू हो गया.
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद लोगों ने दीवार तोड़ दी, जिसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हुई. आरोप है कि इस दौरान स्थानीय निवासी सुमन घोष पर हमला किया गया, जिससे उनके सिर में चोट आई.
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है. दंपति का आरोप है कि विवाद के दौरान महिलाओं ने उनके साथ चेन छिनतई की, जबकि कुछ युवकों पर परविंदर कौर के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और धमकी देने की घटनाएं भी हुईं. बस्तीवासियों ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार डराया-धमकाया जा रहा है और मामले को लेकर तनाव बना हुआ है.
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से मिले आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है.