Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-22

National News: पीएम मोदी की साढ़े चार घंटे लंबी मंत्रिपरिषद बैठक में विकसित भारत से लेकर वैश्विक संकट तक कई मुद्दों पर मंथन

National News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की अहम बैठक की अध्यक्षता की. करीब साढ़े चार घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में सरकार के लंबित कामों, विकसित भारत के विजन, वैश्विक हालात और विभिन्न मंत्रालयों की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और राज्य मंत्री शामिल हुए.
पीएम मोदी ने मंत्रियों को लंबित काम तेजी से पूरा करने का दिया निर्देश
शाम करीब 5 बजे शुरू हुई इस अहम बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने सभी मंत्रियों को लंबित परियोजनाओं और योजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सरकार को 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर काम करना होगा और हर मंत्रालय को अपनी जिम्मेदारी तय समय में पूरी करनी होगी. बैठक के दौरान आधा दर्जन से ज्यादा मंत्रालयों ने अपनी प्रस्तुति दी. इनमें नौ मंत्रालयों ने अपने प्रदर्शन, उपलब्धियों और आने वाले समय की कार्ययोजना पर विस्तार से जानकारी साझा की. कैबिनेट सचिव और नीति आयोग की ओर से भी महत्वपूर्ण प्रेजेंटेशन दी गईं.

विदेश मंत्री जयशंकर ने पीएम मोदी की विदेश यात्रा के नतीजों की दी जानकारी
बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने प्रधानमंत्री मोदी की हालिया पांच देशों की यात्रा को लेकर मंत्रियों को जानकारी दी. उन्होंने इस दौरे के दौरान हुए अहम राजनयिक समझौतों और रणनीतिक चर्चाओं के बारे में विस्तार से बताया. बैठक में उन मंत्रालयों का भी जिक्र किया गया जिन्होंने सरकारी फाइलों के सबसे तेज निपटान का रिकॉर्ड बनाया है. सरकार की कार्यक्षमता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया.

पश्चिम एशिया संकट को लेकर पीएम मोदी ने मंत्रालयों को किया सतर्क
प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव और उसके संभावित आर्थिक प्रभावों का भी जिक्र किया. उन्होंने संबंधित मंत्रालयों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पहले से जरूरी कदम उठाए जाएं. बैठक के दौरान ऊर्जा, कृषि, उर्वरक और रसद जैसे क्षेत्रों पर खास ध्यान दिया गया. सरकार की कोशिश है कि अंतरराष्ट्रीय हालात का असर देश की सप्लाई चेन और आम लोगों की जरूरतों पर कम से कम पड़े.

राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा बैठक में नहीं हो सके शामिल
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस बैठक में शामिल नहीं हो सके क्योंकि वह दक्षिण कोरिया दौरे पर हैं. हालांकि मौजूदा वैश्विक हालात पर नजर रखने के लिए उनकी अगुवाई में मंत्रियों का एक अनौपचारिक समूह लगातार काम कर रहा है.
वहीं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा भी इस समय जिनेवा में होने की वजह से बैठक में मौजूद नहीं रहे.

पांच देशों के दौरे के बाद दिल्ली लौटे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को अपने पांच देशों के दौरे से वापस दिल्ली लौटे. इस दौरे का मुख्य उद्देश्य ऊर्जा, रक्षा, व्यापार और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में भारत के संबंधों को मजबूत करना था. 15 मई से शुरू हुए इस दौरे में संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली शामिल थे. अबू धाबी में भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व, एलपीजी सप्लाई, रक्षा और शिपिंग से जुड़े कई समझौते हुए. यूएई ने भारत में 5 अरब डॉलर निवेश की घोषणा भी की. पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच पीएम मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से भी मुलाकात की और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की.

यूरोपीय देशों के साथ रक्षा, एआई और व्यापार पर बढ़ा सहयोग
नीदरलैंड्स दौरे के दौरान भारत ने रक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों समेत कई क्षेत्रों से जुड़े 17 समझौतों पर हस्ताक्षर किए. वहीं स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ हुई बैठक में भारत और स्वीडन ने अपने रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाने का फैसला लिया. दोनों देशों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इनोवेशन, व्यापार और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए नया रोडमैप भी जारी किया. ओस्लो में आयोजित भारत नॉर्दिक शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने आइसलैंड, फिनलैंड और डेनमार्क के नेताओं से भी मुलाकात की. इसके अलावा रोम में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ कई अहम वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई.

जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी देकर पीएम मोदी ने जीता दिल
इटली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का हल्का फुल्का अंदाज भी देखने को मिला. उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को पारले कंपनी की मशहूर मेलोडी चॉकलेट टॉफी गिफ्ट की. मेलोनी ने इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. वीडियो में उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उनके लिए बहुत अच्छी टॉफी लेकर आए हैं. इसके बाद दोनों नेताओं ने साथ में मेलोडी कहा और हंस पड़े. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !