Jamshedpur News: जमशेदपुर में प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर जिले में फर्जी पत्रकारों और “प्रेस” लिखे अवैध वाहनों पर कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हाल के दिनों में कई अवांछित तत्व और गैर-पत्रकार लोग प्रेस लिखे वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे वास्तविक पत्रकारों की छवि प्रभावित हो रही है और प्रशासन को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
पत्रकारिता की गरिमा पर सवाल, भयादोहन की बढ़ी शिकायतें
प्रेस क्लब ने उपायुक्त को बताया कि कुछ तथाकथित फर्जी पत्रकार प्रेस का रौब दिखाकर वैध-अवैध कारोबार को संरक्षण देने और भयादोहन जैसी गतिविधियों में संलिप्त हैं। इससे पत्रकारिता की गरिमा धूमिल हो रही है तथा आम लोगों का भी शोषण हो रहा है। क्लब ने ऐसे तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
उपायुक्त ने मांगी सक्रिय पत्रकारों की सूची, जांच के निर्देश जारी
उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रेस क्लब से जिले के कार्यशील पत्रकारों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूची के आधार पर अवैध रूप से “प्रेस” लिखे वाहनों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रेस के नाम पर भयादोहन करने वाले लोगों को चिन्हित कर दंडित करने की बात कही। उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को भी तत्काल ऐसे वाहनों की जांच के निर्देश दिए।
प्रेस क्लब के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
मुलाकात के दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष मनोज सिंह, महासचिव विनय पूर्ति, कोषाध्यक्ष अजय कुमार महतो समेत अजय शंकर, देवानंद सिंह, संदीप सवर्ण, जयेश ठाकेर, राघवेंद्र शर्मा, उमाशंकर दुबे, गोविन्द पाठक, अमजद खान, देवाशीष चटर्जी, रवि शंकर, अनिमेष सेन गुप्ता, विनय उपाध्याय, राजेश सिंह, चाणक्य साह, अनूप मिश्रा, उज्ज्वल कुमार, बाबू वसीम, ऋषव श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे।