Adityapur: झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शुक्रवार को आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट और बस्तियों में पाइपलाइन नहीं बिछाए जाने के विरोध में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के समक्ष मटकी फोड़कर अपना विरोध जताया।
बता दें कि बीते 7 मई को भाजपा ने भी राज्य सरकार के खिलाफ मटकी फोड़ प्रदर्शन किया था। शुक्रवार को झामुमो ने उसी अंदाज में प्रदर्शन कर पेयजल समस्या को लेकर नाराजगी जाहिर की।
भाजपा विधायक और मेयर पर साधा निशाना
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे झामुमो जिला अध्यक्ष भुगलु सोरेन ने स्थानीय भाजपा विधायक चंपाई सोरेन और मेयर संजय सरदार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम क्षेत्र में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है, लेकिन जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
जिंदल कंपनी को लेकर जताई नाराजगी
ज्ञापन सौंपने के दौरान झामुमो केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए नगर निगम प्रशासक रवि प्रकाश से जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जिंदल कंपनी द्वारा नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिसे अविलंब पूरा कराया जाना चाहिए। हालांकि प्रदर्शन के दौरान झामुमो जिला अध्यक्ष भुगलु सोरेन बाद में मौके पर मौजूद नहीं रहे।
जल्द काम पूरा कराने का आश्वासन
नगर निगम प्रशासक रवि प्रकाश ने प्रदर्शनकारी प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पाइपलाइन से जुड़े कार्य को जल्द पूरा कराया जाएगा। प्रदर्शन के बाद झामुमो शिष्टमंडल ने मेयर और डिप्टी मेयर से भी मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया।