Ranchi News: रांची विश्वविद्यालय ने विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित सभी परीक्षाओं के परिणाम जारी करने का दावा किया है. प्रशासन के अनुसार अब किसी भी पाठ्यक्रम का रिजल्ट लंबित नहीं है, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे छात्रों को बड़ी राहत मिली है.
विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक, स्नातकोत्तर, प्रोफेशनल, मेडिकल, लॉ, शिक्षा और स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों समेत विभिन्न कोर्सों के नतीजे प्रकाशित किए गए हैं. जारी किए गए परिणामों में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीएड, एमएड, एलएलबी, एलएलएम, एमए, एमएससी, एमकॉम, एमबीए, एमसीए, एमबीबीएस, बीडीएस, नर्सिंग, एमडी और एमएस जैसे कई प्रमुख पाठ्यक्रम शामिल हैं.
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय कुलपति प्रोफेसर सरोज शर्मा के नेतृत्व को दिया है. प्रशासन का कहना है कि परीक्षा प्रणाली को अधिक तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में लगातार काम किया गया, जिसके कारण लंबित परिणामों का निपटारा संभव हो पाया.
रिजल्ट प्रकाशन की प्रक्रिया में परीक्षा नियंत्रक, परीक्षा शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी, टैबुलेशन टीम, डेटा एंट्री ऑपरेटर और तकनीकी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. विश्वविद्यालय ने परीक्षा विभाग की पूरी टीम के सामूहिक प्रयास की सराहना की है.
प्रशासन का मानना है कि सभी परिणाम जारी होने के बाद छात्रों को एडमिशन, प्रतियोगी परीक्षाओं, नौकरी और उच्च शिक्षा से जुड़ी प्रक्रियाओं में अब किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.