Jamshedpur News: डी.बी.एम.एस. कॉलेज ऑफ एजुकेशन एलुमनाई एसोसिएशन “सेतु” द्वारा एलुमनाई मॉडरेटर अमृता चौधरी के मार्गदर्शन में “प्रभावी संचार कौशल” विषय पर एक प्रेरणादायी सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का संचालन डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल की नर्सरी एवं फाइन आर्ट शिक्षिका श्रीमती संगीता कौर द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को संचार की अवधारणा और शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में उसके महत्व से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ एवं अतिथि परिचय
कार्यक्रम की शुरुआत प्रज्ञा प्रियदर्शिनी द्वारा अतिथि वक्ता के स्वागत एवं परिचय के साथ हुई। उन्होंने श्रीमती संगीता कौर के शिक्षा एवं कला क्षेत्र में योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनका संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया। इसके बाद वक्ता ने प्रभावी संचार के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
संचार के घटक एवं चुनौतियों पर प्रकाश
अपने संबोधन में श्रीमती कौर ने संचार की प्रक्रिया-प्रेषक, संदेश, माध्यम, प्राप्तकर्ता और प्रतिपुष्टि-को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने संचार प्रवाह-चार्ट के माध्यम से फीडबैक की भूमिका को भी स्पष्ट किया। साथ ही संचार में आने वाली बाधाओं जैसे भाषा अंतर, अस्पष्टता, श्रवण की कमी और भावनात्मक अवरोधों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान भी बताए।
धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम का समापन आर्तिका ज्योति के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने वक्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सत्र ने सभी प्रतिभागियों को प्रभावी संचार के महत्व को गहराई से समझने और उसे व्यवहार में अपनाने के लिए प्रेरित किया।