Ranchi News: राजधानी रांची में बीयर ब्रांड की डिस्ट्रीब्यूशन दिलाने का झांसा देकर करीब एक करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. इस संबंध में अरगोड़ा थाना में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कारोबार शुरू कराने और लाइसेंस उपलब्ध कराने के नाम पर बड़ी रकम ली गई, लेकिन बाद में न तो काम शुरू हुआ और न ही पैसा लौटाया गया.
शिकायतकर्ता राज कुमार पाठक के अनुसार वर्ष 2024 में कुछ लोगों ने उन्हें “ऑस्टेनबर्ग अल्ट्रा प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर” ब्रांड की झारखंड में डिस्ट्रीब्यूशन लेने का प्रस्ताव दिया था. आरोपियों ने दावा किया था कि कंपनी का कारोबार अन्य राज्यों में पहले से संचालित है और झारखंड में विस्तार की तैयारी चल रही है.
आरोप है कि सरकारी अनुमति, लाइसेंस और डिस्ट्रीब्यूशन सेटअप के नाम पर अलग-अलग चरणों में लगभग एक करोड़ रुपये लिए गए. इसके बावजूद कारोबार शुरू नहीं किया गया और बीयर की सप्लाई भी शुरू नहीं हो सकी.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने 10-10 लाख रुपये के कई चेक दिए. इनमें से एक चेक बैंक में जमा करने पर भुगतान रोक दिए जाने के कारण बाउंस हो गया. मामले में अजय कुमार, कुमार संभव, वृंदा संभव समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे लेनदेन की पड़ताल की जा रही है.