Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-23

UP Road Accident: उत्तरप्रदेश के बाराबंकी में दर्दनाक हादसा, घर के बाहर सो रहे परिवार पर चढ़ा तेज रफ्तार डंपर, पिता समेत तीन बच्चों की मौत, मां गंभीर रूप से घायल

UP Road Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव में तेज रफ्तार डंपर ने घर के बाहर सो रहे एक परिवार को कुचल दिया. इस हादसे में पिता और उनके तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों के बीच गहरा आक्रोश भी देखने को मिल रहा है.
बिजली कटौती की वजह से घर के बाहर सो रहा था परिवार, तभी मौत बनकर पहुंचा डंपर
जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर महमूदाबाद मार्ग पर स्थित झांसा गांव में रहने वाला नीरज अपने परिवार के साथ देर रात घर के बाहर सो रहा था. इलाके में बिजली नहीं थी और गर्मी से परेशान परिवार खुले आसमान के नीचे रात गुजार रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे एक डंपर ने अचानक संतुलन खो दिया. बताया जा रहा है कि डंपर पहले एक पेड़ से टकराया और फिर सीधे परिवार के ऊपर चढ़ गया. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख पुकार मच गई.

हादसे में पिता और बेटे ने मौके पर तोड़ा दम, दो बच्चों की अस्पताल में मौत
इस दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय नीरज और उनके 13 साल के बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल 10 वर्षीय बेटी अंशिका और 6 साल के छोटे बेटे आंशू को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों बच्चों ने भी दम तोड़ दिया. परिवार की 35 वर्षीय महिला आरती गंभीर रूप से घायल हैं. उनके पैर में कुचलने से गंभीर चोट आई है और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों ने उनकी हालत बेहद नाजुक बताई है.

जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर की गई घायल महिला
जिला अस्पताल के ईएमओ डॉक्टर आनंद ने बताया कि सुबह करीब 5 बजकर 15 मिनट पर एम्बुलेंस के जरिए घायलों और मृतकों को अस्पताल लाया गया था. उन्होंने बताया कि दो बच्चों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित किया गया था, जबकि महिला की हालत गंभीर होने के कारण उनका इलाज तुरंत शुरू किया गया.
डॉक्टरों के अनुसार महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

किराये की मैजिक चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था नीरज
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक नीरज किराये की मैजिक गाड़ी चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता था. मेहनत मजदूरी करके वह किसी तरह अपने बच्चों का पालन पोषण कर रहा था. गांव वालों के मुताबिक, बिजली कटौती और भीषण गर्मी की वजह से पूरा परिवार घर के बाहर सोने को मजबूर था. किसी को अंदाजा नहीं था कि रात कुछ ही पलों में पूरे परिवार की जिंदगी तबाह कर देगी.

एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव में पसरा मातम
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. एक ही परिवार के चार लोगों की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. गांव के लोग लगातार प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और डंपर चालक की तलाश की जा रही है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !