Jamshedpur News : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स और यंग इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में शहर के चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन में दिव्यांग बच्चों और युवाओं के लिए विशेष जॉब फेयर का आयोजन किया गया। प्रोजेक्ट स्माइल नाम से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन में खुशियां लाना है।
इस जॉब फेयर में शहर की करीब 30 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में टाटा और टाटा मोटर्स जैसी बड़ी कंपनियों की भागीदारी भी रही। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने दिव्यांग अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया और उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार देने की प्रक्रिया शुरू की।
रोजगार के साथ सम्मानपूर्वक जीवन देने की पहल
आयोजकों ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट स्माइल’ का मुख्य उद्देश्य हर चेहरे पर मुस्कान लाना है। इसी सोच के तहत लगभग 200 दिव्यांग बच्चों और युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के आयोजन दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान करते हैं।