Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिला में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने संयुक्त रूप से की. इसमें प्रशासनिक, पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया.
बैठक में उपायुक्त ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्थानीय स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा.
नगर निकायों को कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों के समय पर उठाव और सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. वहीं बिजली और पेयजल आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को लगातार निगरानी रखने को कहा गया. स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकीय टीम और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए. एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड वाहनों को भी आपात स्थिति के लिए तैयार रखने को कहा गया.
प्रशासन ने त्योहार के दौरान बाइक रेसिंग, स्टंट और तेज रफ्तार वाहनों पर विशेष निगरानी रखने का फैसला लिया है. इसके लिए अलग से वाहन जांच अभियान और गश्ती व्यवस्था लागू की जाएगी. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के जरिए निगरानी रखने की योजना भी बनाई गई है. धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरतने और अनावश्यक भीड़ नहीं जुटने देने के निर्देश दिए गए. प्रशासन ने साफ कहा कि किसी भी प्रकार के भड़काऊ गीत, आपत्तिजनक प्रचार या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जाएगी.
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि कुछ परिवार अलग-अलग दिनों में बकरीद मनाते हैं, इसलिए प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता के साथ तैयारी करनी होगी. उन्होंने प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी रोकने, नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि पशु अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखने की बात कही गई. लोगों से अपील की गई कि किसी भी भ्रामक सूचना की जानकारी तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें.
बैठक के अंत में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सभी समुदायों से भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सभी लोग सहयोग करें.