Jamshedpur News : जमशेदपुर स्थित एक्सएलआरआई जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने झारखंड इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (जेआईआईडीसीओ) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य राज्य में स्टार्टअप इनक्यूबेशन को मजबूत करना तथा सर्कुलर इकोनॉमी और गैर-काष्ठ वन उत्पाद आधारित उद्यमों की संभावनाओं पर व्यापक अध्ययन करना है।
वन आधारित उद्यमों और सतत विकास पर रहेगा फोकस
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव अबूबकर सिद्दीकी ने कहा कि झारखंड के वन संसाधनों, कृषि क्षमता और सर्कुलर इकोनॉमी में सतत आजीविका और पर्यावरण अनुकूल उद्यमों की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि यह अध्ययन गैर-काष्ठ वन उत्पाद, एग्रो प्रोसेसिंग, रीसाइक्लिंग और वेस्ट-टू-वेल्थ जैसी पहलों में नए अवसरों की पहचान करेगा।
छह माह की स्टडी के बाद 100 उद्यमों को मिलेगा सहयोग
इस सहयोग के तहत एक्सएलआरआई छह माह की स्कोपिंग स्टडी करेगा, जिसमें सर्कुलर इकोनॉमी आधारित उद्यम और गैर-काष्ठ वन उत्पाद आधारित उद्यमों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अध्ययन पूरा होने के बाद एक्सएलआरआई राज्य में ऐसे 100 उद्यमों की पहचान और इनक्यूबेशन में सहयोग करेगा। इसके तहत स्टार्टअप्स को मेंटरशिप, प्रशिक्षण, निवेशकों से संपर्क और संस्थागत मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि एक्सएलआरआई के साथ यह साझेदारी झारखंड के युवाओं के लिए नवाचार आधारित अवसर पैदा करेगी और नए विचारों को सफल उद्यमों में बदलने में मदद करेगी। वहीं जेआईआईडीसीओ के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन ने झारखंड इंडस्ट्रियल पॉलिसी लैब पहल का उल्लेख करते हुए एक्सएलआरआई के अकादमिक सहयोग की सराहना की।
समझौता हस्ताक्षर समारोह में एक्सएलआरआई की ओर से डीन (अकादमिक) प्रो. संजय पात्रो, प्रो. टाटा एल. रघु राम, प्रो. कल्याण भास्कर, प्रो. सौरव स्नेहव्रत और प्रो. विनायक राम त्रिपाठी सहित कई संकाय सदस्य मौजूद थे।