White House Firing Washington DC: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में शनिवार शाम करीब 6 बजे व्हाइट हाउस परिसर के पास गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया. 17वें स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू के समीप स्थित सीक्रेट सर्विस चेकपॉइंट पर एक 21 वर्षीय युवक ने अचानक अपने बैग से पिस्तौल निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावर ने सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाते हुए लगभग 20 से 25 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे परिसर के बाहर मौजूद नागरिकों में भारी अफरा-तफरी मच गई.
जवाबी कार्रवाई में हमलावर नसीरे बेस्ट मारा गया, पहले भी रहा है रडार पर
हमले के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस के मुस्तैद एजेंट्स ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें हमलावर गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई. मृत हमलावर की पहचान मैरिलैंड निवासी 21 वर्षीय नसीरे बेस्ट के रूप में हुई है. जांच में खुलासा हुआ है कि नसीरे पहले भी सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था; उसे जून 2025 में सीक्रेट सर्विस एजेंटों को धमकी देने और जुलाई 2025 में एक प्रतिबंधित उच्च-सुरक्षा क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश के आरोप में हिरासत में लिया जा चुका था.
हमलावर की मानसिक स्थिति संदिग्ध, एक नागरिक और एक एजेंट घायल
प्रारंभिक जांच के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि नसीरे बेस्ट गंभीर मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित था, हालांकि व्हाइट हाउस को निशाना बनाने के उसके असली इरादों की गहराई से तफ्तीश की जा रही है. इस गोलीबारी के दौरान वहां मौजूद एक आम नागरिक भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एहतियात के तौर पर एक सीक्रेट सर्विस एजेंट को भी प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि नागरिक को गोली हमलावर की ओर से लगी या जवाबी कार्रवाई में.
व्हाइट हाउस में तुरंत लगा लॉकडाउन, सुरक्षित रहे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
जिस वक्त यह भीषण गोलीबारी हुई, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के भीतर ही मौजूद थे. खतरे को देखते हुए सुरक्षा बलों ने तुरंत पूरे व्हाइट हाउस और आसपास के संवेदनशील इलाकों में कड़ा लॉकडाउन लागू कर दिया. सुरक्षा अधिकारियों ने प्रेस को आश्वस्त करते हुए साफ किया कि हमलावर को मुख्य सुरक्षा घेरे से काफी पहले ही रोक दिया गया था, जिससे वह व्हाइट हाउस की मुख्य सीमा तक नहीं पहुंच सका और राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं.