Potka News: पोटका विधानसभा अंतर्गत जगदीशपुर मुख्य सड़क पर लंबे समय से कचरा जमा होने और नाली जाम रहने की गंभीर समस्या बनी हुई थी। इस वजह से कांचा, नागड़ीह, मतलाडीह, हरहरगुट्टू, शिवनगर, बागबेड़ा, एदलझोपड़ी, गिद्धीझोपड़ी, जगन्नाथपुर, रानीडीह, कारनडीह और कीनूडीह समेत आसपास के इलाकों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
40 हजार लोगों की राह बनी मुश्किल
करीब 40 हजार से अधिक लोग प्रतिदिन इस सड़क से आवागमन करते हैं। मजदूर, बुजुर्ग, युवा, शिक्षक और विद्यार्थियों के लिए सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया था। गंदगी और जाम नालियों के कारण क्षेत्र में बदबू और जलजमाव की स्थिति बनी हुई थी, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी।
दुखनी सोरेन ने तुरंत शुरू कराया सफाई अभियान
ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या को लेकर दुखनी सोरेन जी से समाधान की मांग की। शिकायत मिलते ही उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए बिना देर किए जेसीबी लगाकर सड़क की साफ-सफाई और नाली व्यवस्था को दुरुस्त कराने का कार्य शुरू कराया। लंबे समय से उपेक्षित इस समस्या पर कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों में राहत और खुशी का माहौल देखने को मिला।
ग्रामीणों ने जताया आभार, पहल की सराहना
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने कहा कि जनता की समस्या को गंभीरता से सुनकर तत्काल कार्रवाई करना ही एक सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान है। लोगों ने दुखनी सोरेन जी का आभार व्यक्त करते हुए उनकी इस पहल की जमकर सराहना की और उम्मीद जताई कि आगे भी क्षेत्र की समस्याओं का इसी तरह समाधान किया जाएगा।