Jamshedpur: जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित नूतनडीह गांव में एक किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। गांव की रहने वाली कक्षा 9 की छात्रा माला सिंह का शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल किनारे एक पेड़ से लटका हुआ बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजन इसे लेकर कई सवाल उठा रहे हैं।
तालाब जाने की बात कहकर घर से निकली थी छात्रा
परिजनों के अनुसार माला सिंह 21 मई की शाम घर से यह कहकर निकली थी कि वह तालाब में नहाने जा रही है। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में भी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
ग्रामीणों ने देखा पेड़ से लटका शव
अगले दिन गांव के कुछ लोगों ने जंगल की ओर एक पेड़ से शव लटका देखा। सूचना मिलते ही इलाके में भीड़ जुट गई। बाद में ग्रामीणों ने इसकी जानकारी बोड़ाम थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आत्महत्या या हत्या? उठ रहे कई सवाल
पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन गांव के लोगों और परिजनों को इस पर संदेह है। उनका कहना है कि घटना की हर पहलू से जांच होनी चाहिए। कई ग्रामीण हत्या की आशंका भी जता रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
स्कूल में भी पसरा शोक
माला सिंह बोड़ाम स्थित लायलम स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा थी। उसकी अचानक मौत की खबर से स्कूल और गांव दोनों जगह शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खासकर माता-पिता सदमे में हैं और लगातार इंसाफ की मांग कर रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर बिंदु पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।