Twisha Sharma Murder Update: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में जांच लगातार नए मोड़ ले रही है. शुक्रवार को भोपाल एम्स में दिल्ली एम्स से आई चार सदस्यीय मेडिकल टीम ने ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया. वहीं लंबे इंतजार और कानूनी प्रक्रिया के बाद अब परिवार ने शुक्रवार शाम अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया है.
13 दिन बाद होगा अंतिम संस्कार, परिवार ने लगाए थे सच छिपाने के आरोप
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद पिछले 13 दिनों से उनका अंतिम संस्कार नहीं हो सका था. परिवार लगातार यह आरोप लगाता रहा कि ट्विशा की सास और पति के प्रभाव के कारण मामले की सच्चाई दबाने की कोशिश की गई. इसी वजह से परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग पर अड़े हुए थे. अब दोबारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी है. परिजनों का कहना है कि वे चाहते हैं कि इस मामले की जांच जल्द से जल्द सीबीआई को सौंपी जाए ताकि सच सामने आ सके.
परिवार ने बदला अंतिम संस्कार का स्थान, शाम 5 बजे भदभदा घाट पर होगा अंतिम संस्कार
ट्विशा शर्मा के चचेरे भाई आशीष शर्मा ने बताया कि शुरुआत में परिवार की इच्छा थी कि अंतिम संस्कार उसी जगह किया जाए जहां ट्विशा रहती थीं. लेकिन गर्मी और व्यवस्थाओं को देखते हुए बाद में यह फैसला बदल दिया गया. अब परिवार ने तय किया है कि ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार शुक्रवार शाम 5 बजे भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर किया जाएगा. आशीष शर्मा ने कहा कि यह कोई निमंत्रण वाला कार्यक्रम नहीं है. जिसकी श्रद्धा होगी, वह अंतिम यात्रा में शामिल हो सकता है. उन्होंने यह भी बताया कि ट्विशा के पिता की इच्छा है कि उनकी अस्थियों का विसर्जन ऋषिकेश में किया जाए.
सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला, 25 मई को होगी अहम सुनवाई
ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत का मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है. सुप्रीम कोर्ट ने इस पूरे मामले का स्वत: संज्ञान लिया है. देश के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच इस मामले की सुनवाई करेगी. जानकारी के मुताबिक सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल पंचोली की बेंच 25 मई को इस केस पर सुनवाई करेगी. ऐसे में अब पूरे मामले पर देशभर की नजरें टिकी हुई हैं.
परिवार को जांच से उम्मीद, सच सामने आने का इंतजार
ट्विशा शर्मा केस अब केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं बल्कि निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है. परिवार लगातार यही कह रहा है कि उन्हें सिर्फ सच चाहिए और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में जांच से कई अहम बातें सामने आ सकती हैं.