Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-24

Madhya Pradesh News: खंडवा में पारिवारिक विवाद के बाद युवक ने खुद को लगाई आग, लपटों में घिरकर तीन साल का मासूम भी झुलसा

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के हरसूद क्षेत्र से शनिवार देर रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया. पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली. आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा भूसा भी जलने लगा और वहां मौजूद तीन साल का मासूम बच्चा भी उसकी चपेट में आ गया. दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
शराब के नशे में रिश्तेदार के घर पहुंचा था युवक, देर रात हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार नया हरसूद सेक्टर 6 निवासी 32 वर्षीय राहुल पवार शनिवार रात अपने साडू भाई लालाराम पवार के घर ग्राम नवलपुरा टांडा पहुंचा था. बताया जा रहा है कि राहुल उस समय शराब के नशे में था. देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच परिवार में किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई.
परिजनों के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद राहुल ने गुस्से और आवेश में आकर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और खुद को आग के हवाले कर दिया. अचानक उठी आग की लपटों से घर में अफरा तफरी मच गई.

घर में रखा भूसा भी जला, मासूम बच्चा गंभीर रूप से झुलसा
आग लगने के बाद पास में रखा भूसा भी तेजी से जलने लगा. इसी दौरान वहां मौजूद लालाराम पवार का तीन वर्षीय बेटा प्रिंस आग की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया. मासूम को बचाने के लिए परिवार के लोग चीखते चिल्लाते रहे और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की और तत्काल पुलिस को सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. दोनों घायलों को तुरंत हरसूद अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी
हरसूद थाना प्रभारी राजकुमार राठौर ने बताया कि राहुल पवार शराब के नशे में अपने साडू भाई के घर आया था. पारिवारिक विवाद के बाद उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली. आग की चपेट में आने से घर में रखा भूसा भी जल गया और तीन वर्षीय बच्चा भी झुलस गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !