Jadugoda: पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। नरवा पहाड़-जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर जादूघुटू के समीप बाइक और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
आमने-सामने की भिड़ंत में हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक रात करीब 9:30 बजे दो युवक बाइक से जादूगोड़ा की ओर से नरवा पहाड़ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ऑटो से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचते ही युवक को मृत घोषित किया गया
घटना की सूचना मिलने के बाद जादूगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल यूसील अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राजदोहा क्षेत्र के खुर्शी टोला निवासी 30 वर्षीय सुरेंद्र हांसदा के रूप में हुई है।
घायल युवक का इलाज जारी
हादसे में घायल दूसरे युवक की पहचान पोटका क्षेत्र के राजदोहा निवासी दशमत हांसदा के रूप में हुई है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना कैसे हुई और ऑटो चालक की भूमिका क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।