Ranchi News : झारखंड में मौसम ने अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर बना हुआ है, जबकि कुछ हिस्सों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 25 और 26 मई को लेकर अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 9.8 मिलीमीटर बारिश पाकुड़िया में हुई। इसके अलावा बहरागोड़ा में 6.6 मिलीमीटर और दुमका में 3.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
राज्य में डाल्टनगंज सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कोडरमा में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
रांची में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में 40.5 डिग्री और बोकारो थर्मल में 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। चाईबासा, लोहरदगा और सरायकेला में भी गर्मी का असर बना रहा।
धनबाद, बोकारो और रांची समेत कई जिलों में तेज हवा और बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में लू चलने की संभावना है। लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। वहीं धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, रामगढ़, रांची, खूंटी और गुमला में गर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। साथ ही वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
26 मई को धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग और कोडरमा में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
रांची में 31 मई तक आंशिक बादल और हल्की बारिश के आसार
राजधानी रांची में 26 से 31 मई तक आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं। इससे तापमान में कमी आ सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण बिहार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ रेखा का असर झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है। इसी वजह से राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।