Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-25

Jamshedpur News: जमशेदपुर में नगर निकायों की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने पेयजल, सफाई और नागरिक सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

Jamshedpur News: जमशेदपुर में शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने और आम लोगों की परेशानियों को कम करने को लेकर जिला प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है. इसी कड़ी में समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में नगर निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जहां शहर की विकास योजनाओं, पेयजल व्यवस्था, साफ सफाई, शेल्टर होम और डॉग शेल्टर समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए.
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को जल्द सभी सुविधाएं देने का निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की प्रगति की समीक्षा करते हुए उप नगर आयुक्त जेएनएसी ने जानकारी दी कि संपर्क पथ निर्माण का कार्य पूरा कर लिया गया है. इसके अलावा दो ब्लॉकों का निर्माण भी पूर्ण हो चुका है, जहां 644 लाभुकों को शिफ्ट किया जाना है. अधिकारियों ने बताया कि अब तक 192 लोगों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि नाली निर्माण का कार्य हर हाल में 31 मई तक पूरा किया जाए. साथ ही बाकी लाभुकों को भी जल्द बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

भीषण गर्मी के बीच बस स्टॉप और पेयजल व्यवस्था सुधारने पर जोर
शहर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए बैठक में विभिन्न बस स्टॉप की स्थिति की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को निर्देश दिया कि खराब और जर्जर बस स्टॉप को चिन्हित कर उनकी मरम्मत कराई जाए ताकि यात्रियों और राहगीरों को राहत मिल सके. बैठक में सैरात बाजारों के रेट फिक्सेशन की प्रक्रिया को भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया. वहीं पेयजल व्यवस्था पर चर्चा के दौरान मानगो नगर निगम क्षेत्र की स्थिति पर विशेष फोकस किया गया. अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कुल 22 ड्राई जोन चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 12 इलाकों में टैंकर के जरिए पानी की आपूर्ति की जा रही है. उपायुक्त ने एमजीएम अस्पताल में भी निर्बाध पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी नगर निकायों को नियमित रूप से साफ सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग करने और कचरा निष्पादन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया.

शेल्टर होम में पानी, बिजली और जरूरी सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश
बैठक में शहरी बेघरों के लिए संचालित शेल्टर होम की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि किसी भी शेल्टर होम में पेयजल की समस्या नहीं होनी चाहिए.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिजली आपूर्ति लगातार बनी रहे. साथ ही खराब पंखों की मरम्मत और अन्य जरूरी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द सुनिश्चित किया जाए ताकि वहां रह रहे लोगों को परेशानी न हो.

स्ट्रीट डॉग प्रबंधन और वैक्सीनेशन अभियान में तेजी लाने का निर्देश
बैठक में स्ट्रीट डॉग प्रबंधन और डॉग शेल्टर होम संचालन को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई. उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को डॉग शेल्टर के लिए जमीन चिन्हित करने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने जानकारी दी कि जेएनएसी क्षेत्र में पहले से डॉग शेल्टर संचालित किया जा रहा है. उपायुक्त ने अन्य नगर निकायों में भी जल्द स्थल चयन कर डॉग शेल्टर शुरू करने और स्ट्रीट डॉग के वैक्सीनेशन अभियान को तेज करने के निर्देश दिए.

स्ट्रीट लाइट, नाला सफाई और डोर टू डोर कचरा संग्रहण की भी हुई समीक्षा
बैठक में शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालयों की साफ सफाई, नाला सफाई, डोर टू डोर कचरा संग्रहण और मानसून से पहले की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को निर्देश दिया कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए और नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के साथ साथ शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. बैठक में अपर नगर आयुक्त जेएनएसी समेत विभिन्न नगर निकायों के सहायक नगर आयुक्त, विशेष पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, सीएमएम, अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !