Jamshedpur News: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में करीम सिटी कॉलेज के पास हुई बाइक चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो शहर के अलग अलग थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उनके नंबर बदलकर और इंजन व चेचिस नंबर घिसकर बेचने का काम करते थे. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिल भी बरामद की है.
सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना से पुलिस पहुंची आरोपियों तक
पुलिस के अनुसार 20 मई 2026 को साकची थाना क्षेत्र स्थित करीम सिटी कॉलेज के पास से अज्ञात चोरों ने एक मोटरसाइकिल चोरी कर ली थी. घटना के बाद साकची थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसी बीच गुप्त सूचना भी मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक नगर, जमशेदपुर के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
छापेमारी में शमशाद आलम गिरफ्तार, पूछताछ में सामने आया दूसरे आरोपी का नाम
पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान शमशाद आलम नामक युवक को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने बाइक चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. इसके साथ ही उसने अपने साथी अरुण मुखर्जी का नाम भी पुलिस को बताया. गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की. इसके अलावा चार अन्य बाइक भी बरामद हुईं, जिन्हें शहर के अलग अलग इलाकों से चोरी किया गया था.
नंबर प्लेट बदलकर और इंजन नंबर घिसकर बेचते थे चोरी की बाइक
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी साकची थाना समेत शहर के अन्य इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे. चोरी के बाद गाड़ियों की नंबर प्लेट बदल दी जाती थी. इतना ही नहीं, इंजन और चेचिस नंबर को भी खुरच दिया जाता था ताकि पहचान छिपाई जा सके. इसके बाद चोरी की बाइक को अलग अलग जगहों पर बेच दिया जाता था.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और पता
पुलिस ने इस मामले में शमशाद आलम और अरुण मुखर्जी को आरोपी पाया है. शमशाद आलम की उम्र 23 वर्ष बताई गई है. आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित स्काई टच अपार्टमेंट के सी ब्लॉक फ्लैट नंबर 506 में रहता है. वहीं अरुण मुखर्जी मानगो थाना क्षेत्र के समता नगर रोड नंबर 15, शिव मंदिर के पास का रहने वाला है.
इन अधिकारियों ने मिलकर की कार्रवाई
इस पूरे अभियान में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की. टीम में राजीव कुमार, जितेन्द्र कुमार वर्मा, अमित कुमार सिंह, अविनाश उरांव और शिव जतन सोरेन समेत साकची थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे. पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की गई अन्य मोटरसाइकिलों को कहां और किन लोगों को बेचा गया है.