Bihar News: बिहार के पूर्णिया जिले में पारा मेडिकल परीक्षा के दौरान नकल कराने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. शहर के जनता चौक स्थित सेंट पीटर्स स्कूल परीक्षा केंद्र के बाहर एक युवक को वॉकी टॉकी के जरिए महिला अभ्यर्थी तक जवाब पहुंचाते हुए पकड़ा गया. इस घटना के सामने आने के बाद परीक्षा केंद्र में हड़कंप मच गया. हालांकि मौके का फायदा उठाकर महिला अभ्यर्थी का पति फरार हो गया, जबकि उसके साथी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
स्कूल के बाहर गली में बैठकर चल रहा था पूरा खेल
जानकारी के अनुसार आरोपी स्कूल के बगल वाली गली में बैठा हुआ था और वॉकी टॉकी की मदद से परीक्षा केंद्र के अंदर मौजूद महिला अभ्यर्थी को सवालों के जवाब बता रहा था. युवक की गतिविधियां आसपास मौजूद लोगों को संदिग्ध लगीं. इसके बाद लोगों ने उस पर नजर रखी और फिर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से वॉकी टॉकी बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ.
महिला अभ्यर्थी को जवाब पहुंचाने के लिए बनाई गई थी खास योजना
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी काफी शातिर तरीके से नकल कराने की कोशिश कर रहे थे. परीक्षा केंद्र के बाहर बैठकर तकनीकी उपकरणों की मदद से अंदर मौजूद अभ्यर्थी तक जवाब पहुंचाया जा रहा था. लोगों की सतर्कता के कारण यह खेल ज्यादा देर तक नहीं चल सका. घटना के बाद वहां मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
पति मौके से फरार, साथी पुलिस की गिरफ्त में
घटना के दौरान महिला अभ्यर्थी का पति मौका देखकर वहां से भाग निकला. वहीं उसके साथ मौजूद दूसरे युवक को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया. बताया जा रहा है कि पकड़े गए लोग बिहार के लखीसराय जिले के रहने वाले हैं. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है.
जांच के लिए पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी, महिला अभ्यर्थी से पूछताछ जारी
मामले की जानकारी मिलते ही प्रभारी डीएम अंजनी कुमार, सदर एसडीओ और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने महिला अभ्यर्थी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नकल कांड में और कौन कौन लोग शामिल थे.
यह घटना एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है. प्रशासन अब पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटा हुआ है.