Jharkhand News: चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की खरीद बिक्री से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई 24 मई 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
सूचना के आधार पर हुई त्वरित छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बजराही के पास बगरा चतरा रोड के किनारे मैदान में कुछ लोग अवैध रूप से अफीम की खरीद बिक्री कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए छापामारी दल तुरंत मौके पर पहुंचा. जैसे ही पुलिस टीम वहां पहुंची, कई लोग पुलिस वाहन को देखकर भागने लगे. सशस्त्र बल की मदद से पुलिस ने दो लोगों को मौके पर पकड़ लिया जबकि दो अन्य लोग जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए.
गिरफ्तार और फरार आरोपियों की पहचान
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जीवलाल गंझू उम्र करीब 36 वर्ष, पिता स्वर्गीय लालधन गंझू, निवासी लुतीडीह टोला घोंघीबार थाना सिमरिया जिला चतरा और मोहम्मद फैजान मलिक उम्र करीब 26 वर्ष, पिता इस्लाम मलिक, निवासी ईचाक कला थाना सिमरिया जिला चतरा के रूप में हुई. वहीं फरार आरोपियों की पहचान हैदर खान उर्फ दिवान, पिता मोहम्मद हदिस और दिलावर खान, पिता मुर्तुजा खान, दोनों निवासी ईचाक कला थाना सिमरिया जिला चतरा के रूप में की गई है.
मोटरसाइकिल की डिक्की से अफीम बरामद
पुलिस जांच के दौरान मैदान में खड़ी टीवीएस XL 100 मोटरसाइकिल की डिक्की की तलाशी ली गई. उसमें दो प्लास्टिक के डिब्बों में अफीम बरामद हुई. इसके अलावा गिरफ्तार जीवलाल गंझू से पूछताछ के बाद उसके घर से भी एक केन में रखा अफीम और तीन प्लास्टिक के बोरे में डोडा बरामद किया गया.
बरामद मादक पदार्थ और सामान
पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 7.196 किलोग्राम अफीम और 78.4 किलोग्राम डोडा बरामद किया है. इसके साथ ही दो ओप्पो कंपनी के मोबाइल फोन और एक टीवीएस XL 100 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है.
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में सिमरिया थाना, NDPS एक्ट की धारा 8/15(सी), 18(सी), 25 और 27(ए) में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
छापामारी दल में कई अधिकारी शामिल
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया, अंचलाधिकारी सिमरिया, थाना प्रभारी सिमरिया सूर्य प्रताप सिंह, एनडीपीएस थाना के थाना प्रभारी मो0 समी अंसारी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.