Hazaribagh News : हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित सिकरी गांव के एक परिवार ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय पहुंचकर डीजीपी कार्यालय में न्याय की मांग की। परिवार ने आरोप लगाया कि भू-माफियाओं के दबाव में पुलिस ने निर्दोष लोगों को हत्या मामले में जेल भेज दिया, जबकि असली आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं।
डीजीपी को दिए गए आवेदन में परिवार ने कहा कि सिकरी ओपी थाना कांड संख्या 35/26 में मीना महतो और बासुदेव महतो को बिना पर्याप्त साक्ष्य के गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने निष्पक्ष जांच करने के बजाय दबाव में आकर एकतरफा कार्रवाई की।
थाना प्रभारी पर दबाव और धमकी देने का आरोप
परिजनों ने सिकरी ओपी थाना प्रभारी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले से परिवार पर दबाव बनाया जा रहा था और उसी रंजिश में हत्या मामले में फंसाया गया।
परिवार के अनुसार पूछताछ के दौरान दबाव बनाकर झूठा बयान देने के लिए मजबूर किया गया और विरोध करने पर धमकियां भी दी गईं।
सामाजिक बहिष्कार और राशन में परेशानी का भी आरोप
पीड़ित परिवार ने यह भी कहा कि घटना के बाद गांव में उनका सामाजिक बहिष्कार कराया जा रहा है। गांव के लोग उनसे बातचीत नहीं कर रहे हैं और सरकारी राशन लेने में भी परेशानी खड़ी की जा रही है।
परिवार का आरोप है कि थाना प्रभारी के दबाव के कारण गांव में कोई उनका समर्थन करने को तैयार नहीं है।
डीजीपी से एसआईटी जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
परिवार ने डीजीपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठन की मांग की है। साथ ही हत्या के असली आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में संलिप्त पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की गई है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिलने के कारण उन्हें पुलिस मुख्यालय आना पड़ा। उन्होंने उम्मीद जताई कि निष्पक्ष जांच होने पर पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।