Jamshedpur News: मानगो नगर निगम क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टी.वी. नरेंद्रन से मुलाकात की। बैठक में मानगो को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक में “सुरक्षित मानगो अभियान” के तहत विभिन्न चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे और आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम लगाने पर सहमति बनी। इसका उद्देश्य अपराध नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना है।
मानगो चौक से डिमना चौक तक मुख्य सड़कों के किनारे नाली निर्माण और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई, ताकि जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके।
ग्रीन मानगो अभियान के तहत पृथ्वी पार्क और नेचर पार्क के सौंदर्यीकरण के साथ वहां ओपन जिम स्थापित करने की योजना बनाई गई है। यह कार्य टाटा स्टील के सहयोग से किया जाएगा।
डिमना चौक के आगे प्रस्तावित वेंडर जोन के निर्माण में भी सहयोग देने पर सहमति बनी। इससे छोटे दुकानदारों और फुटपाथ व्यवसायियों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा, साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था में भी सुधार होगा।
एमजीएम अस्पताल के पास खाली पड़ी जमीन पर पार्क और सौंदर्यीकरण कार्य कराने का भी प्रस्ताव रखा गया, ताकि क्षेत्र को बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से रोजगार आधारित योजनाएं शुरू करने की बात कही गई। इसके जरिए महिलाओं को स्वरोजगार और कौशल विकास से जोड़ा जाएगा।
बैठक में कांग्रेस कार्यालय निर्माण से जुड़ी तकनीकी अड़चनों को दूर करने तथा मानगो छोटा पुल की मरम्मत कराने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा एमजीएम चौक से गोकुल नगर और डिमना के तटीय इलाकों में सेंट्रल बर्ज, सड़क, नाली निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य कराने की योजना पर भी चर्चा हुई। इन क्षेत्रों की साफ-सफाई और रखरखाव में भी टाटा स्टील सहयोग करेगा।
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि टाटा स्टील का सहयोग मानगो को व्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने में अहम भूमिका निभाएगा। वहीं बन्ना गुप्ता ने इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
बैठक में टी.वी. नरेंद्रन, टाटा स्टील के वीपी सीएस डी.बी. सुंदरम समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।