Odisha: ओडिशा के कालाहांडी जिला में मंगलवार को एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के भीतर जहरीली गैस की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
बिल्डर को बचाने उतरे लोग भी बने हादसे का शिकार
जानकारी के अनुसार, यह घटना मदनपुर-रामपुर इलाके में उस समय हुई जब निर्माण कार्य के दौरान सेप्टिक टैंक का ढक्कन खोला गया। इसी दौरान निर्माण कार्य से जुड़े बिल्डर का संतुलन बिगड़ गया और वह टैंक के भीतर गिर पड़ा। उसे बाहर निकालने के प्रयास में एक-एक कर कई लोग अंदर उतरते चले गए, लेकिन जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण सभी बेहोश हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। राहत और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक छह लोगों की मौत हो चुकी थी। एक घायल व्यक्ति का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों में बिल्डर और उसका बेटा भी शामिल
इस हादसे में जान गंवाने वालों में बिल्डर और उसका बेटा भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान निमाई पाल, उनके बेटे आकाश पाल, अदल माझी, मनोरंजन हाती, छंदा जल और बिपुल जल के रूप में हुई है। वहीं पंकज यानी नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
घटना की जानकारी मिलने के बाद मोहन चरण माझी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रत्येक परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। इसके अलावा जिला प्रशासन ने तत्काल राहत के तौर पर अंतिम संस्कार के लिए प्रत्येक मृतक के परिवार को 30-30 हजार रुपये उपलब्ध कराए हैं।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस और प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि सेप्टिक टैंक के भीतर जहरीली गैस भर जाने और ऑक्सीजन की कमी के कारण लोगों की मौत हुई। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।