Jamtara News: जामताड़ा समाहरणालय परिसर में आयोजित जनता दरबार में मंगलवार को जिले के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने एक-एक कर लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
जनता दरबार में जमीन विवाद, मनरेगा मजदूरी भुगतान, पेयजल संकट, राशन कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आवास योजना, रोजगार, भू-अर्जन मुआवजा और आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं. कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर लोगों को राहत दी गई.
नारायणपुर प्रखंड के पबिया साप्ताहिक हाट में अतिक्रमण और धार्मिक स्थल के पास मांस-मुर्गा बिक्री की शिकायत मिलने पर उपायुक्त ने अंचल अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
वहीं नाला प्रखंड से आई पहाड़िया जनजाति की एक स्नातक युवती ने रोजगार उपलब्ध कराने की मांग रखी. इस पर उपायुक्त ने जिला नियोजन पदाधिकारी को आवश्यक पहल करने का निर्देश देते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिया.
सूर्यापानी आंगनबाड़ी केंद्र लंबे समय से बंद रहने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी से जवाब तलब किया और संबंधित सेविका पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा.
इसके अलावा ओबीसी प्रमाण पत्र के ऑनलाइन आवेदन में तय शुल्क से अधिक पैसे वसूलने की शिकायत पर भी जांच के आदेश दिए गए. उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि अतिरिक्त राशि लेने वाले सीएससी संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
जनता दरबार के अंत में उपायुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों का निष्पादन समय पर सुनिश्चित किया जाए.