Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार से लेवी वसूलने पहुंचे तीन अपराधियों को पुलिस ने हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक अमित रेनू को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी आनंदपुर थाना क्षेत्र के बुरुईचिंडा से गोयराबेड़ा तक बन रही सड़क के ठेकेदार से लेवी वसूलने के लिए इलाके में घूम रहे हैं। सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।
जंगल के पास दो अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद
सोमवार सुबह करीब 8:20 बजे पुलिस टीम गोयराबेड़ा जंगल के पास पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर दो युवक जंगल की ओर भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय संजु भोगता और 27 वर्षीय कृष्णा भोगता के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान संजु भोगता के पास से मैगजीन सहित एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक मिस फायर कारतूस, तीन स्मार्टफोन और दो कीपैड मोबाइल बरामद हुए। वहीं कृष्णा भोगता के पास से तीन जिंदा कारतूस और एक स्मार्टफोन मिला। दोनों आरोपी हथियार का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
व्हाट्सएप कॉल से ठेकेदारों को देते थे धमकी
पुलिस पूछताछ में संजु भोगता ने बताया कि वे व्हाट्सएप कॉल के जरिए ठेकेदारों को धमकाकर लेवी मांगते थे। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले पीएलएफआई से जुड़ा रहा है। आरोपी सड़क निर्माण कर रही कंपनी के ठेकेदार को धमकाने पहुंचे थे।
दोनों आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने 36 वर्षीय संजय साय को भी गिरफ्तार किया। उसके पास से एक स्मार्टफोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार संजु भोगता ने 9 फरवरी को रोबोकेरा गांव में वैष्णवी इंफ्रा प्रोजेक्ट कंपनी के वाहनों को जलाने की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
मामले में आनंदपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पांच मोबाइल और चार कारतूस जब्त
पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक मिस फायर कारतूस, पांच स्मार्टफोन और दो कीपैड मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। छापेमारी अभियान में आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस, सुबोध कुमार गौतम और झारखंड पुलिस के जवान शामिल थे।