Jamshedpur: जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में मंगलवार शाम अचानक आग लगने की घटना से कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। यह हादसा मानगो के डिमना चौक स्थित कॉलेज कैंपस में करीब शाम 4:15 बजे हुआ, जब लाइब्रेरी भवन के नीचे स्थापित सोलर सिस्टम की बैटरियों में तकनीकी खराबी आने के बाद आग भड़क उठी।
शॉर्ट सर्किट के बाद धुएं से भर गया पूरा इलाका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बैटरियों में शॉर्ट सर्किट होने के बाद तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और देखते ही देखते वहां से धुआं निकलने लगा। कुछ ही मिनटों में धुआं लाइब्रेरी भवन और पास स्थित कैफेटेरिया तक फैल गया, जिससे परिसर में मौजूद छात्रों और कर्मचारियों के बीच दहशत फैल गई।
सुरक्षाकर्मियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन, अस्पताल कर्मी और सुरक्षाकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। आग को फैलने से रोकने के लिए परिसर में उपलब्ध फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया गया। करीब पांच अग्निशमन यंत्रों की मदद से कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बैटरियों में विस्फोट जैसी स्थिति बनने से आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन समय रहते राहत कार्य शुरू होने के कारण बड़ा नुकसान टल गया।
दमकल कर्मियों ने पाया पूरी तरह नियंत्रण
कुछ देर बाद दमकल विभाग की टीम भी वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान चलाया। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जवानों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
आग बुझाने के अभियान में होमगार्ड और सुरक्षा बल के कई जवान सक्रिय रूप से जुटे रहे। उनकी तत्परता और त्वरित कार्रवाई की वजह से आग आसपास के हिस्सों तक नहीं फैल सकी। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।