Stock Market: मंगलवार को शेयर बाजार की शुरुआत भारी दबाव के साथ हुई। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 207.78 अंक यानी 0.27 प्रतिशत टूटकर 76,281.18 पर कारोबार करता दिखा। वहीं एनएसई निफ्टी भी 42.70 अंक यानी 0.18 प्रतिशत फिसलकर 23,989 के स्तर पर पहुंच गया। सोमवार की जोरदार तेजी के बाद आज बाजार में मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों के चलते निवेशकों में निराशा देखने को मिली।
कल आई थी तूफानी तेजी, निवेशकों ने कमाया बड़ा मुनाफा
सोमवार को बाजार में शानदार तेजी दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 1,073.61 अंक चढ़कर 76,488.96 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 312.40 अंक की मजबूती के साथ 24,031.70 के स्तर पर पहुंच गया था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 76,559.07 का उच्च स्तर भी छुआ। अमेरिका-ईरान बातचीत को लेकर सकारात्मक माहौल बनने से वैश्विक बाजारों में उत्साह दिखा था, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी साफ नजर आया।
कच्चे तेल में नरमी से राहत, बड़े शेयरों में दिखी चमक
अमेरिका और ईरान के बीच बेहतर रिश्तों की उम्मीद से कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई, जिससे सोमवार को बाजार को बड़ा सहारा मिला। बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो और एचडीएफसी बैंक जैसे दिग्गज शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक और इटर्नल के शेयरों ने भी निवेशकों को मजबूत रिटर्न दिया। हालांकि मंगलवार को बाजार यह बढ़त बरकरार नहीं रख पाया।
महंगाई का डबल झटका, CNG हुई महंगी
शेयर बाजार की गिरावट के बीच आम जनता को महंगाई का भी बड़ा झटका लगा है। देश में सीएनजी की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई कीमत लागू होने के बाद दिल्ली में सीएनजी का दाम 83 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया है। ईंधन की बढ़ती कीमतों से आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ने की चिंता तेज हो गई है।