Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-26

Delhi Crime News: दिल्ली के फूड पॉइंट पर खूनी विवाद, दोस्तों के साथ खाना खाने पहुंचे किशोर को मारी गोली

Delhi Crime News: दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में आज शाम हुई फायरिंग की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी. एक फूड पॉइंट पर खाना खा रहे 17 वर्षीय किशोर को मामूली विवाद के बाद गोली मार दी गई. घटना के वक्त युवक अपनी गर्लफ्रेंड और दोस्तों के साथ वहां मौजूद था. अचानक हुए इस हमले के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और घायल किशोर को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया. फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.
खाना खाने के दौरान हुआ विवाद, कुछ मिनट बाद लौटे आरोपी
जानकारी के अनुसार यह घटना आज शाम करीब साढ़े 7 बजे अमर कॉलोनी स्थित एक खाने पीने की दुकान पर हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पीड़ित युवक साहिल अपनी गर्लफ्रेंड के साथ वहां खाना खा रहा था. इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई.

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वहां से गुजर रहे कुछ लड़कों में से एक ने पीड़ित की कुर्सी को टक्कर मार दी थी. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. विवाद बढ़ने के बाद आरोपी वहां से चले गए, लेकिन करीब 4 से 5 मिनट बाद दोबारा लौटे और आते ही उनमें से एक युवक ने गोली चला दी.

एक गोली चलाकर आरोपी मौके से फरार
पुलिस के अनुसार हमलावरों ने केवल एक राउंड फायर किया, जो सीधे किशोर को जाकर लगा. गोली लगते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. हमलावर वारदात को अंजाम देकर तुरंत मौके से फरार हो गए.

घटना के बाद स्थानीय लोगों और दोस्तों की मदद से घायल किशोर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. पहले उसे मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से बाद में एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत बेहद नाजुक है, हालांकि फिलहाल उसे स्थिर बताया जा रहा है.

पीसीआर कॉल मिलते ही हरकत में आई पुलिस
दिल्ली पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम 7:54 बजे पीसीआर कॉल के जरिए अमर कॉलोनी स्थित फूड पॉइंट पर गोली चलने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस, थाना प्रभारी और एसीपी की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल को अस्पताल ले जाया जा चुका था.

इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सीधे अस्पताल पहुंचे, जहां घायल युवक को वेंटिलेटर पर बेहोशी की हालत में पाया गया. पुलिस ने अस्पताल में परिजनों और मौजूद लोगों से भी पूछताछ की.

पिता चलाते हैं लॉन्ड्री, आरोपी पकड़ने के लिए कई टीमें गठित
पुलिस जांच में पता चला है कि घायल किशोर के पिता छतरपुर एन्क्लेव इलाके में लॉन्ड्री का काम करते हैं. पुलिस अब घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

घटनास्थल पर क्राइम टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान जल्द की जा सके. पुलिस की कई टीमें तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !