IPL 2026 Controversy: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित एचपीसीए स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर मुकाबले के दौरान एक बड़ी विवादित चूक सामने आई है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच खेले गए इस हाई वोल्टेज मैच के इनिंग ब्रेक में आयोजित म्यूजिक और लेजर लाइट शो के दौरान भारत का अधूरा नक्शा प्रदर्शित कर दिया गया. इस दृश्य की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी और BCCI समेत आयोजन से जुड़े लोगों पर सवाल उठने लगे.
लेजर लाइट शो में भारत के कई हिस्से गायब दिखे
मैच के दौरान इनिंग ब्रेक में स्टेडियम में करीब 25 मिनट तक शानदार आतिशबाजी, म्यूजिक और लेजर लाइट शो का आयोजन किया गया था. इसी दौरान आईपीएल ट्रॉफी के ऊपर लेजर लाइट के जरिए भारत का मानचित्र दिखाया गया. लेकिन लोगों का ध्यान तब गया जब इस नक्शे में देश के कई अहम हिस्से गायब दिखाई दिए.
तस्वीरों में जम्मू और कश्मीर, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तर पूर्व भारत के बड़े हिस्से नजर नहीं आए. इसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए नाराजगी जताई. कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में इस तरह की गलती आखिर कैसे हो सकती है.
सोशल मीडिया पर BCCI और जय शाह को लेकर उठे सवाल
अधूरे भारत के नक्शे की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोगों ने BCCI की जमकर आलोचना की. कई लोगों ने इस मामले में आईसीसी प्रमुख जय शाह और एचपीसीए प्रबंधन पर भी निशाना साधा. यूजर्स का कहना है कि भारत के नक्शे को गलत तरीके से दिखाना बेहद संवेदनशील मामला है और आयोजकों को ऐसे कार्यक्रमों में ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए थी.
लोगों ने मांग की कि इस पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब दिया जाए और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न हो इसके लिए सख्त व्यवस्था बनाई जाए.
मैदान पर रजत पाटीदार की तूफानी पारी ने लूटी महफिल
विवाद के बीच मैच की बात करें तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए महज 33 गेंदों में नाबाद 93 रन बनाए. उनकी इस पारी में पांच चौके और नौ लंबे छक्के शामिल रहे.
पाटीदार की आक्रामक बल्लेबाजी ने गुजरात टाइटन्स के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और मैच का रुख पूरी तरह आरसीबी की तरफ मोड़ दिया.
प्लेऑफ में कप्तान के तौर पर रजत पाटीदार ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
रजत पाटीदार की यह पारी आईपीएल प्लेऑफ इतिहास में कप्तान के तौर पर संयुक्त रूप से सबसे बड़े स्कोर में शामिल हो गई. इससे पहले डेविड वॉर्नर भी प्लेऑफ मुकाबले में नाबाद 93 रन बना चुके हैं, लेकिन उन्होंने यह स्कोर 58 गेंदों में बनाया था. वहीं पाटीदार ने सिर्फ 33 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल कर ली.
इसके अलावा रजत पाटीदार ने आरसीबी के लिए प्लेऑफ मुकाबलों में दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी दर्ज किया. खास बात यह है कि फ्रेंचाइजी के लिए प्लेऑफ का सबसे बड़ा स्कोर भी उन्हीं के नाम दर्ज है. उन्होंने साल 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ नाबाद 112 रन की यादगार पारी खेली थी.
धर्मशाला में खेले गए इस मुकाबले ने जहां क्रिकेट फैंस को रोमांच से भर दिया, वहीं लेजर शो के दौरान दिखाई गई इस बड़ी गलती ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. अब लोग इस मामले में आयोजकों की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं.